Raipur Breaking: बाइक से गांजा सप्लाई करने वाला अन्तर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन निश्चय" के तहत थाना खमतराई पुलिस ने अंतरराज्यीय आरोपी बैदेही कुमार सिंह को अवैध रूप से बिकी हेतु रखे मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के गया जिले का निवासी है और उसे खमतराई थाना क्षेत्र के उरकुरा से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 05 किलो 133 ग्राम गांजा जब्त किया, जो तीन पैकेटों में रखे थे। साथ ही आरोपी के वाहन के रूप में प्रयुक्त काले रंग की मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 40,000 रुपये बताई गई। जप्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 90,130 रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हेतु चलाए जा रहे अभियान "ऑपरेशन निश्चय" के तहत मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत रायपुर पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारी, ए.सी.सी.यू. और थाना प्रभारियों द्वारा लगातार सूचना संकलन और मुखबीर लगाए जा रहे हैं। दिनांक 08 जनवरी 2026 को खमतराई पुलिस टीम को सूचना मिली कि मोटरसाइकिल में सवार एक व्यक्ति गांजा लेकर घूम रहा है और इसे बेचने की फिराक में है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी का हुलिया चिन्हांकित कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बैदेही कुमार सिंह पिता अखिलेश सिंह उम्र 32 साल निवासी सिंगठिया पोस्ट सहिया, थाना वजीरगंज, जिला गया (बिहार) बताया।
तलाशी में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और मोटरसाइकिल जब्त किया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बरगढ़, उड़िसा से यह गांजा लाया था। आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अभियान "ऑपरेशन निश्चय" के तहत अवैध नशे की तस्करी रोकने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से रेड और गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही, ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत जिले में अन्य मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर भी निगरानी तेज कर दी गई है।