Raipur Breaking: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ़्तार
9 चोरी की दोपहिया बरामद
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 9 दोपहिया वाहन बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक रायपुर निवासी शातिर वाहन चोर और दो ओडिशा निवासी आरोपी शामिल हैं। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रायपुर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी कर उन्हें ओडिशा ले जाकर बेचने का काम करते थे। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा चोरी की घटनाओं के स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
इसी दौरान 20 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि थाना कोतवाली क्षेत्र के मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा वाहन बेचने पहुंचा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मौके पर मिले व्यक्ति की पहचान तेलीबांधा रायपुर निवासी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू के रूप में हुई। पुलिस ने उससे एक्टिवा वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी टोपेश्वर साहू ने बताया कि उसने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी किए थे। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए वाहनों को वह अपने ओडिशा निवासी साथियों सूजल मेहेर उर्फ करण और विधि से संघर्षरत बालक को देता था। इसके बाद आरोपी मिलकर चोरी के वाहनों को ओडिशा में बेच देते थे। आरोपी की जानकारी के बाद पुलिस टीम को ओडिशा रवाना किया गया। टीम ने ओडिशा के भालूमुंडा क्षेत्र में दबिश देकर सूजल मेहेर उर्फ करण और विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की कुल 9 दोपहिया वाहन बरामद किए। पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों में एक्टिवा और स्प्लेंडर सहित अन्य दोपहिया वाहन शामिल हैं। कुछ वाहनों की पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट भी लगा रखी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी टोपेश्वर साहू पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
वर्ष 2023 में रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों से 10 दोपहिया वाहन चोरी करने के मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस के अनुसार टोपेश्वर साहू की मुलाकात सूजल मेहेर और विधि से संघर्षरत बालक से रायपुर के एक होटल में वेटर का काम करने के दौरान हुई थी। तीनों ने कुछ समय तक होटल में काम किया, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर वाहन चोरी करने लगे। चोरी किए गए वाहनों के संबंध में रायपुर के अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें थाना कोतवाली, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर और खम्हारडीह के प्रकरण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर अन्य वाहन चोरों की भी तलाश जारी है।
बरामद वाहन:
एक्टिवा क्रमांक CG 04 QT 1494
एक्टिवा क्रमांक CG 04 MS 6892
एक्टिवा क्रमांक CG 04 QM 5230
एक्टिवा क्रमांक CG 04 MK 1954
एक्टिवा क्रमांक CG 04 ME 6820
एक्टिवा क्रमांक CG 04 MG 2426
एक्टिवा क्रमांक CG 04 NX 8317
स्प्लेंडर क्रमांक CG 04 PZ 2261
बजाज SS क्रमांक CG 04 NK 7700
गिरफ्तार आरोपी
टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू उम्र 30 वर्ष, निवासी खिलोरा थाना हथबंद जिला बलौदाबाजार, हाल पता अवंति विहार रायपुर।
सूजल मेहेर उर्फ करण उम्र 19 वर्ष, निवासी भालूमुंडा थाना बगोमुण्डा जिला बलांगीर ओडिशा।
विधि से संघर्षरत बालक।