Raipur Breaking: टैंकर की चपेट में आने से 15 वर्षीय नाबालिग की मौत

छग

Update: 2026-05-26 14:43 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सद्दू स्कूल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, LIG सेक्टर-01 सद्दू निवासी 15 वर्षीय बालक पैदल सड़क किनारे जा रहा था, तभी तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर
मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे से पहले एक अज्ञात बाइक सवार की मौजूदगी दिखाई दे रही है। फुटेज में यह आशंका जताई जा रही है कि नाबालिग को टैंकर की चपेट में आने से पहले बाइक सवार ने धक्का दिया हो सकता है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। हादसे के बाद एक और संदिग्ध बात सामने आई है कि घटना के तुरंत बाद एक अज्ञात बाइक सवार सबसे पहले मृतक के शव के पास पहुंचा और कुछ देर बाद वहां से चला गया।

पुलिस इस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात पानी टैंकर और बाइक सवार दोनों की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News