रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। इसे लेकर बीजेपी ने आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक बुलाई थी। जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश संगठन प्रभारी शिव प्रकाश शामिल हुए।
इसके अलावा, बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ सभी जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क के माध्यम से जनता की सहायता के लिए तैयार करना था।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि, कांग्रेस SIR को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही है। ऐसे में भाजपा का लक्ष्य लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देना है। उन्होंने कहा कि देश के 12 राज्यों में चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया शुरू की है। जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। भाजपा इस प्रक्रिया में जनता की मदद के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।
बीजेपी अपने मंत्री, विधायक और सांसदों को SIR के लिए जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी है।