रायपुर रेलवे स्टेशन में किन्नरों पर रेल पुलिस की कार्रवाई

ट्रेन में यात्रियों से पैसे मांगने और दुर्व्यवहार के आरोप में दो गिरफ्तार

Update: 2025-10-29 14:44 GMT
Raipur. रायपुर। शासकीय रेल पुलिस (GRP) रायपुर ने ट्रेनों में यात्रियों से पैसे मांगने और दुर्व्यवहार करने की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को पुलिस ने दो किन्नरों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई दोनों आरोपितों के नाम जरीना जान (पालक आलिया जान, उम्र 24 वर्ष) और संतोषी साहू (पालक यामनी किन्नर, उम्र 30 वर्ष) बताए गए हैं। दोनों गोविंद नगर, सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर की रहने वाली हैं। पुलिस ने दोनों को धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा क्रमांक 90/2025 में कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3 बजे गिरफ्तार किया।
रेल पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से ट्रेनों में किन्नरों द्वारा यात्रियों से जबरन पैसे मांगने और अभद्र व्यवहार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर रेल पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और उप पुलिस अधीक्षक एस. एन. अख्तर ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत बुधवार को ट्रेन संख्या 07052 रक्सौल–तिरुपति स्पेशल के जनरल कोच में जांच की गई। इस दौरान पुलिस टीम को यात्रियों से सूचना मिली कि कुछ किन्नर पैसे मांगने के साथ ही बदसलूकी कर रहे हैं। मौके पर पहुंची टीम ने जरीना जान और संतोषी साहू को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने यात्रियों से पैसे मांगने की बात कबूल की।
हालांकि यात्रियों ने कोई लिखित शिकायत नहीं की, लेकिन पुलिस को यात्रियों के बीच काफी नाराजगी देखने को मिली। कई यात्रियों ने मौखिक रूप से बताया कि पैसे न देने पर किन्नर गाली-गलौज करते हैं और धमकी भी देते हैं। रेल पुलिस ने दोनों आरोपितों को थाने लाकर पूछताछ की और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रेल पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ट्रेनों में भीख मांगना, पैसे के लिए दबाव डालना या यात्रियों से अभद्रता करना कानूनन अपराध है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यदि ऐसी घटना का सामना हो तो तुरंत रेलवे पुलिस हेल्पलाइन या निकटतम GRP को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ट्रेनों व प्लेटफॉर्म्स पर इस तरह के अवैध गतिविधियों में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Tags:    

Similar News