Raigarh. रायगढ़। जिले के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण पहल के रूप में शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ में ब्रेन हेल्थ क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। इस क्लीनिक का विधिवत उद्घाटन छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के कर-कमलों से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने इसे रायगढ़ जिले के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब मस्तिष्क, मानसिक एवं स्पाइन से संबंधित गंभीर बीमारियों का उपचार एक ही छत के नीचे, वह भी निःशुल्क रूप से उपलब्ध होगा।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में ब्रेन और मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। तनावपूर्ण जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या और मानसिक दबाव के कारण पार्किंसन, डिमेंशिया, अल्जाइमर, स्ट्रोक और अवसाद जैसी बीमारियों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में जिला स्तर पर ब्रेन हेल्थ क्लीनिक की स्थापना आम जनता के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस क्लीनिक में मरीजों को निःशुल्क परामर्श, निःशुल्क उपचार एवं आवश्यक दवाएं भी मुफ्त प्रदान की जाएंगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी बेहतर इलाज मिल सके।
सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा पूर्व में दंतेवाड़ा जिले में इसी तरह की ब्रेन हेल्थ सुविधा की शुरुआत की गई थी। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में उसी सफल मॉडल को रायगढ़ जिले में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जिले को ब्रेन एवं मानसिक रोगों से मुक्त करना है और इसके लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि ब्रेन हेल्थ क्लीनिक के अंतर्गत एक विशेष ओपीडी प्रारंभ की गई है, जिसमें न्यूरो मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी एवं सायकेट्री विभाग की संयुक्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस क्लीनिक में पार्किंसन, डिमेंशिया, अल्जाइमर, स्ट्रोक, लकवा, मानसिक अवसाद सहित विभिन्न मस्तिष्क एवं मानसिक रोगों का समग्र उपचार किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक शनिवार को न्यूरो सर्जरी विशेषज्ञ, प्रत्येक बुधवार को सायकेट्री विशेषज्ञ तथा प्रत्येक माह के अंतिम शुक्रवार को न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा जिला चिकित्सालय के नियमित चिकित्सक प्रतिदिन ओपीडी एवं काउंसलिंग सेवाएं प्रदान करेंगे।
ब्रेन हेल्थ क्लीनिक के अंतर्गत न्यूरो फिजियोथेरेपी यूनिट भी प्रारंभ की जा रही है, जहां लकवा एवं चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को निःशुल्क फिजियोथेरेपी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलेगा और वे अपने दैनिक जीवन की गतिविधियों में जल्द लौट सकेंगे। रायपुर सहित अन्य शहरों से आने वाले चिकित्सकों के सहयोग से इस क्लीनिक को एक आधुनिक और समन्वित उपचार केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
कार्यक्रम के पश्चात वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया तथा अस्पताल में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. जय कुमारी चौधरी, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. ए.के. कुशवाहा, डॉ. पी.के. गुप्ता सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags: