रायगढ़ पुलिस का बड़ा अभियान: एक ही दिन 1055 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी

छग

Update: 2025-08-25 17:08 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को जागरूक बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान 2025 को बड़ी सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में आज का दिन ऐतिहासिक रहा, जब जिले के अलग-अलग पांच स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कुल 1055 छात्र-छात्राओं और नागरिकों को साइबर अपराध और उससे बचाव के उपायों के साथ-साथ विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पांच जगहों पर एक साथ कार्यक्रम
आज सुबह थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के संत टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल बोइरदादर में पहला कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें 245 छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, एटीएम और यूपीआई धोखाधड़ी से बचाव, ओटीपी साझा न करने, फर्जी लिंक और कॉल से सतर्क रहने जैसे व्यवहारिक सुझाव दिए गए। इसी तरह थाना पुसौर अंतर्गत आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल पुसौर में 240 छात्र, पुलिस चौकी जोबी अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल बर्रा में 150 छात्र, और थाना छाल क्षेत्र के हायर सेकेंडरी स्कूल कुडेकेला में 230 छात्रों को न सिर्फ साइबर अपराध बल्कि यातायात नियमों, महिला अपराधों की रोकथाम, पॉक्सो एक्ट और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया। शाम को थाना कोतवाली क्षेत्र के सामुदायिक भवन केवड़ाबाड़ी में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वार्ड पार्षद लक्ष्मी साहू की मौजूदगी में लगभग 190 महिला-पुरुष शामिल हुए।
अधिकारियों ने दी प्रत्यक्ष जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा स्वयं थाना छाल क्षेत्र में पहुंचे और छात्रों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे बड़ा उपाय जागरूकता है। थाना छाल कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी और थाना स्टाफ मौजूद रहे।
थाना कोतवाली क्षेत्र में कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने किया, जहां उनके साथ एएसआई कोसो सिंह जगत, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह, आरक्षक नवीन शुक्ला और महिला आरक्षक प्रतीक्षा मिंज उपस्थित थे। थाना पुसौर कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राम किंकर यादव, साइबर सेल और थाना स्टाफ शामिल हुए। संत टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल में चक्रधरनगर टीआई अमित शुक्ला, एएसआई नंद कुमार सारथी और उनकी टीम उपस्थित रही। चौकी जोबी कार्यक्रम का संचालन प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर ने अपने स्टाफ के साथ किया।
जागरूकता ही है सुरक्षा की कुंजी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आजकल साइबर ठगी करने वाले गिरोह लोगों को झूठे प्रलोभन देकर या डराकर जाल में फंसा रहे हैं। ऑनलाइन लॉटरी, इनाम, नकली नौकरी, फर्जी निवेश, केवाईसी अपडेट, बैंक अकाउंट ब्लॉक जैसी सूचनाएं देकर ठगी की जा रही है।
उन्होंने समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
अपना ओटीपी, पासवर्ड और बैंक डिटेल किसी के साथ साझा न करें।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से बचें।
संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
पुलिस का संकल्प: हर नागरिक को सतर्क करना
जिला पुलिस ने साफ किया कि बढ़ते साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। इसी उद्देश्य से पूरे जिले में लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि न केवल छात्र-छात्राएं बल्कि हर वर्ग के नागरिक जागरूक होकर खुद को और अपने परिजनों को सुरक्षित रख सकें। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने कहा कि युवाओं और नागरिकों को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग सिखाना समय की मांग है। आने वाले समय में भी पुलिस विभाग स्कूलों, कॉलेजों और वार्ड स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।
Tags:    

Similar News