Bhilai. भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के सूर्या टीआई मॉल में संचालित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने औचक दबिश देकर जांच की। पुलिस के मुताबिक स्पा सेंटर को लेकर अवैध गतिविधियों की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सेंटर के अंदर कई युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले। जांच के बाद करीब 7-8 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मौके पर किसी तरह की अनैतिक
गतिविधि
की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार मामला सूर्या टीआई मॉल के सेकंड फ्लोर पर स्थित स्पा सेंटर का है। सेंटर को लेकर मिली शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की संयुक्त टीम मॉल पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से स्पा सेंटर में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। पुलिस ने परिसर की जांच करने के साथ वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। कार्रवाई एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देशन में की गई। टीम में भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक और डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू भारती मरकाम विशेष रूप से शामिल रहीं। इसके अलावा सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।


पुलिस के पहुंचने पर स्पा सेंटर के अंदर युवतियां और कुछ अन्य लोग मिले, जिन्हें बाहर निकालकर आवश्यक पूछताछ की गई। इसके बाद उनकी भूमिका और वहां मौजूदगी से संबंधित जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने जांच के आधार पर करीब सात से आठ युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई की है। मॉल प्रबंधन की ओर से भी मामले को लेकर जानकारी दी गई है। प्रबंधन के अनुसार जिस स्थान पर स्पा सेंटर संचालित हो रहा था, वह मॉल प्रबंधन की सोल्ड प्रॉपर्टी है। प्रबंधन का कहना है कि उक्त परिसर की बिजली और पानी की सप्लाई बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद परिसर के अंदर लोगों की मौजूदगी मिलने के बाद सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस इस पहलू से भी मामले की जानकारी जुटा रही है।

भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की शिकायत मिलने पर जांच और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे स्थानों की लगातार चेकिंग की जाएगी और शिकायत मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर तथ्यों की पड़ताल करेगी। पुलिस ने यह भी साफ किया है कि इस कार्रवाई को किसी अनैतिक गतिविधि के खुलासे के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। फिलहाल की जांच में स्पा सेंटर के अंदर किसी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई शिकायत और मौके पर मिली परिस्थितियों के आधार पर की गई है। मामले में पुलिस अब यह जानकारी भी जुटा रही है कि बिजली और पानी की आपूर्ति बंद होने के बावजूद परिसर का उपयोग किस तरह किया जा रहा था। स्पा सेंटर के संचालन और वहां मौजूद लोगों से संबंधित अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में आगे कोई तथ्य सामने आने पर उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: