बस्ती के पास शराब दुकान खोलने पर लोगों में भारी आक्रोश, बच्चे समेत किया चक्काजाम
छग
राजनांदगांव। नंदई क्षेत्र से सटे बस्तियों के लोगों ने गुरुवार को शराब की नई प्रीमियम दुकान खुलने के विरोध में कन्हारपुरी बायपास पर चककाजाम किया। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि पहले से ही बायपास में शराब दुकान के संचालन से आसपास का पूरा इलाका अशांतमय हो गया है। ऐसे में एक और नई शराब दुकान खुलने से पूरा क्षेत्र की कानून व्यवस्था ताक में रहेगी। इसी के चलते मोहल्ले के लोगों ने चक्काजाम कर दिया।
प्रीमियम दुकान के खुलने से क्षेत्र के लोग प्रशाासन पर भड़के हुए नजर आए। इस बीच कन्हारपुरी बायपास में चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन किया गया। चक्काजाम की खबर के बाद सीएसपी वैशाली जैन, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू समेत पुलिस दल मौके पर पहुंची। सीएसपी ने चक्काजाम पर अमादा लोगों को समझाईश दी।
गौरतलब है कि नंदई क्षेत्र में लगभग डेढ़ माह पूर्व भी शराब दुकान खोलने का जमकर विरोध हुआ था। बाद में प्रशासन ने अपना निर्णय वापस ले लिया था। उधर आज फिर से शराब की प्रीमियम दुकान खोलने के चलते चक्काजाम की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को भी मौके पर बुलाने की मांग की। आबकारी अमले ने चक्काजाम करने वाले लोगों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक विरोध प्रदर्शन जारी था।