Raipur. रायपुर। रायपुर नगर निगम ने नागरिकों की स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुपम नगर क्षेत्र में प्राप्त जनशिकायत का तुरंत समाधान किया है। अनुपम नगर मार्ग, टीवी टावर के पीछे लंबे समय से कचरे के अंबार और आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों द्वारा शिकायत की गई थी, जिस पर नगर निगम प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेशानुसार एवं नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के निर्देशानुसार संबंधित क्षेत्र के जोन स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सफाई एवं सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में जोन स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और उसी दिन कार्रवाई शुरू की गई।
निरीक्षण के दौरान अनुपम नगर मार्ग, टीवी टावर के पीछे बड़ी मात्रा में जमा कचरा पाया गया, जिससे न केवल बदबू और गंदगी फैल रही थी, बल्कि आमजन के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसके साथ ही मार्ग पर आवारा मवेशियों के जमाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिक निगम रायपुर की सफाई टीम को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। नगर निगम की सफाई टीम एवं स्वच्छता वाहनों के माध्यम से संबंधित स्थल से संपूर्ण कचरे को हटाकर क्षेत्र की पूरी तरह सफाई कर दी गई। कचरा हटाने के बाद मार्ग और आसपास के क्षेत्र को धोकर स्वच्छ किया गया, जिससे अब वह स्थान पूरी तरह साफ और सुव्यवस्थित हो गया है। साथ ही मार्ग पर अवरोध उत्पन्न कर रहे मवेशियों को वहां से हटाया गया और क्षेत्र में आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए गश्त भी बढ़ा दी गई है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कचरा न फैले, इसके लिए स्थानीय निवासियों को जागरूक किया गया है। लोगों को खुले में कचरा न फेंकने, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। इसके अलावा संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दोबारा गंदगी की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनशिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करना नगर निगम की प्राथमिकता है। नागरिकों से भी अपेक्षा की गई है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी समस्या की सूचना नगर निगम को तुरंत दें। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने से क्षेत्र में साफ-सफाई और आवागमन दोनों में सुधार हुआ है। नगर निगम द्वारा किए गए इस प्रयास को स्वच्छ रायपुर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।