जांजगीर-चांपा में भव्य आयोजन की तैयारियां तेज, मंत्री ओपी चौधरी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस लाइन स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के छत्तीसगढ़ आगमन से पूर्व किया गया, ताकि आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता एवं विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आम जनता को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का अवसर है, इसलिए इसकी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए। वित्त मंत्री ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि वीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही उन्होंने यातायात प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे कार्यक्रम के दिन शहर में यातायात सुचारु रूप से संचालित हो। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन की रूपरेखा, जनभागीदारी और कार्यक्रम की सफलता को लेकर चर्चा की। उपस्थित नेताओं ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होना प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इस अवसर पर जनता के बीच सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले दो वर्षों में जनकल्याण, अधोसंरचना विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि इन उपलब्धियों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचे और वे सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हों। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए। अंत में वित्त मंत्री ने कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आगमन के साथ यह कार्यक्रम प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होगा, इसलिए सभी तैयारियां पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ की जाएं।