डूब रही बेटी को बचाने डैम में कूदी गर्भवती मां, मां-बेटी की मौत

छग

Update: 2026-05-17 15:28 GMT
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां डूब रही बेटी को बचाने के प्रयास में गर्भवती मां ने भी अपनी जान गंवा दी। इस घटना में मां और उसकी 8 वर्षीय बेटी की डूबने से मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बालाझर स्थित घोघरा डैम की है। बताया जा रहा है कि गांव की रहने वाली सुकांति तिग्गा रविवार दोपहर अपनी दो बेटियों के साथ डैम में नहाने गई थी। नहाने के दौरान उसकी छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

बेटी को डूबता देख मां सुकांति तिग्गा घबरा गई और उसे बचाने के लिए तुरंत डैम में छलांग लगा दी। इस दौरान बड़ी बेटी ने भी दोनों को बचाने की कोशिश की और पानी में उतर गई। हालांकि बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई, लेकिन सुकांति और उसकी छोटी बेटी गहरे पानी में फंस गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद मां और बेटी को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतिका सुकांति तिग्गा करीब छह माह की गर्भवती थी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घोघरा डैम में पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने मां के साहस को याद करते हुए कहा कि सुकांति ने अपनी बेटी को बचाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा दी। यह हादसा एक बार फिर जलाशयों और डैम क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
Tags:    

Similar News