कोरबा। जिले में 25 साल के युवक ने एक नाबालिग लड़की की एआई जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। पीड़िता और उसके परिवार ने इस मामले की तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। करीब दो सप्ताह बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पीड़ित परिवार ने एसपी को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने की वजह से उन्हें धमकी दे रहा है। आरोपी ने कहा है कि वह पुलिस और साइबर को खरीद चुका है और उनका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता। यह मामला थाना पाली क्षेत्र के ग्राम बनबंधा का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बनबंधा के 25 वर्षीय रतिराम यादव गांव की एक नाबालिग लड़की पर बुरी नीयत रखता था। युवक आए दिन उसे परेशान करता था। युवक ने एक दिन लड़की का एआई जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो बनाया और उसे भेजकर मिलने के लिए बुलाया। युवक ने लड़की को धमकी देते हुए कहा अगर वो मिलने नहीं आई तो वो इस वीडियो और फोटो को व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर देगा।

लेकिन लड़की ने युवक से मिलने के लिए मनाकर दिया। इस पर गुस्साए युवक ने लड़की एआई जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। इस घटना की जानकारी पीड़िता और उसके परिवार को मिलने पर उन्होंने 5 दिसंबर 2025 को पाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया। मामले की जांच के लिए कटघोरा थाना प्रभारी धरम नारायण तिवारी को जिम्मेदारी दी गई।

Tags: