BALODABAZAR हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 और आरोपी को किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़

Update: 2024-06-17 08:02 GMT
BALODABAZAR बलौदाबाजार: हिंसा के मामले में पुलिस ने शनिवार को 8 और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में भीम आर्मी के रायपुर संभागाध्यक्ष जीवराखन बांधे भी शामिल हैं। पुलिस ने बांधे को जगदलपुर से गिरफ्तार किया, जहाँ से वह विशाखापट्टनम भागने की तैयारी में था।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इससे पहले जीवराखन बांधे के घर पर भी छापा मारा था, लेकिन वह वहां से फरार हो चुका था। पुलिस को बांधे के भागने की योजना की पहले ही जानकारी मिल गई थी, जिसके चलते उसे जगदलपुर में उसके साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि बलौदाबाजार में हुई हिंसा के पीछे भीम आर्मी के साथ-साथ भीम क्रांतिवीर संगठन की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है और आगे भी कई गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
भीम रेजिमेंट के प्रदेश उपाध्यक्ष गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार, भीम रेजिमेंट के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश सोनवानी को भी रायपुर के महादेव घाट से छापेमारी कर पकड़ा गया है। बलौदाबाजार के हिंसक घटनाओं में इनकी बड़ी भूमिका थी। पुलिस ने अभी तक 132 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। गिरफ्तार आरोपी भीम आर्मी, भीम रेजीमेंट, भीम क्रांतिवीर, संगठनों से हैं।
बलौदाबाजर हिंसा मामले में पुलिस अब तक कुल 132 लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है। वहीं, अब तक इस मामले में अलग-अलग कुल 9 FIR भी दर्ज की गई हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में भीम आर्मी, भीम रेजीमेंट, भीम क्रांतिवीर आदि संगठनों के लोग बताए जा रहे हैं। इस मामले में अभी भी जांच जारी है. वीडियो, फोटो, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
10 जून को बलौदाबाजार में सतनामी समुदाय का प्रदर्शन अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान भीड़ ने पथराव किया और फिर कलेक्टर-SP ऑफिस में आग लगा दी। आग और भीड़ के आक्रोश को नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर कार्यालय के साथ-साथ कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया था।
Tags:    

Similar News

-->