हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गैंग पर पुलिस का शिकंजा, 2 खास गुर्गे गिरफ्तार
छग
जनता से रिश्ता की खबर का असर, हमारी खबर की पुष्टि हुई
नशा माफिया पर बड़ी कार्रवाई, मुकेश बनिया गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार
जनता से रिश्ता की खबर के बाद हरकत में आई पुलिस
नाबालिगों से गांजा सप्लाई कराने वाला मुकेश बनिया गैंग पुलिस के रडार पर
बूढ़ातालाब और नेहरू नगर में नशे का अड्डा चलाने वाले गैंग का भंडाफोड़
पॉकेट-टू-पॉकेट गांजा सप्लाई, नाबालिगों को बना रखा था ढाल
नशे के सौदागर बच्चों को बना रहे थे मोहरा, जनता से रिश्ता का खुलासा
एसएसपी बोले—नशा बेचने वाले नाबालिगों को शिक्षा से जोड़ा जाएगा
बूढ़ातालाब में सुरक्षा के नाम पर सन्नाटा, अपराधियों के हौसले बुलंद
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार और गुंडागर्दी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गैंग के दो खास गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गंज थाना पुलिस की इस कार्रवाई को राजधानी में सक्रिय नशा माफिया पर बड़ी चोट माना जा रहा है। खास बात यह है कि तीन दिन पहले ही जनता से रिश्ता ने नेहरू नगर और बूढ़ातालाब इलाके में संचालित नशे के ठिकानों का खुलासा किया था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और मुकेश बनिया गैंग के खिलाफ सख्ती दिखाई।
जनता से रिश्ता के नाबालिगों से गांजा सप्लाई कराने वाले सवाल पर SSP लाल उम्मेद सिंह ने दिया ये जवाब
मुकेश बनिया गैंग का नेटवर्क
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया रायपुर शहर में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा है। उसका तरीका बेहद शातिर और संगठित है। आरोप है कि उसने गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की “पॉकेट टू पॉकेट” सप्लाई के लिए नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल किया। नेहरू नगर की संकरी गलियों में इन बच्चों को बाकायदा ट्रेनिंग दी जाती थी, ताकि पुलिस की नजरों से बचते हुए नशे की खेप ग्राहकों तक पहुंचाई जा सके।
इस गंभीर मुद्दे को जनता से रिश्ता के संवाददाता शांतनु रॉय ने प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह के समक्ष उठाया था। इस पर एसपी ने स्वीकार किया कि शहर के कुछ स्लम और बस्ती क्षेत्रों में शिक्षा और अभिभावकीय निगरानी की कमी के कारण बच्चे गलत रास्ते पर जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर पुलिस जल्द ही विशेष अभियान चलाकर नशा बेचने में लिप्त नाबालिगों को हिरासत में लेकर उन्हें शिक्षा और पुनर्वास से जोड़ने का प्रयास करेगी।
गंज थाना पुलिस की कार्रवाई
गंज थाना पुलिस ने खुफिया जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुकेश बनिया गैंग के दो सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी में है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई होगी।
बूढ़ातालाब: शान से बदहाली तक
राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक और हृदय स्थल माने जाने वाला बूढ़ातालाब, जिसे विवेकानंद सरोवर के नाम से भी जाना जाता है, आज बदहाली की मिसाल बनता जा रहा है। कभी यह स्थान शहर की पहचान, सुकून और पारिवारिक मनोरंजन का केंद्र हुआ करता था। लेकिन अब स्थानीय लोगों के अनुसार यह इलाका गुंडागर्दी, नशे और अवैध गतिविधियों का गढ़ बन चुका है। शाम ढलते ही बूढ़ातालाब परिसर में घना अंधेरा छा जाता है। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यहां रोजाना बाइकर्स गैंग का जमावड़ा लगता है, खुलेआम नशे का सेवन और बिक्री होती है। गांजा, चरस, अफीम, नशीली सिरप और अवैध शराब तक की उपलब्धता की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
परिवारों ने छोड़ा बूढ़ातालाब आना
कभी जहां परिवार घंटों टहलते थे, बच्चे खेलते थे और बुजुर्ग सुकून के पल बिताते थे, वहीं अब लोग डर के साए में जी रहे हैं। महिलाएं और बुजुर्ग शाम के समय यहां आने से कतराते हैं। कई बार आपसी विवाद, गाली-गलौच और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इन पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होती। बूढ़ातालाब में अवैध पार्किंग वसूली भी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। आरोप है कि वाहन लेकर आने वाले नागरिकों से मनमाने ढंग से पैसे वसूले जाते हैं। न कोई निर्धारित दर है, न रसीद दी जाती है। विरोध करने पर बदसलूकी और धमकाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इससे आम नागरिकों में आक्रोश है और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गैंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अब देखना यह होगा कि क्या राजधानी रायपुर की यह ऐतिहासिक धरोहर फिर से अपने पुराने गौरव को हासिल कर पाएगी या अपराध और अव्यवस्था की पहचान बनकर रह जाएगी।