अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 191 पौवा देशी मदिरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 17 सितंबर 2025 को खमतराई थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग प्रकरणों में 191 पौवा देशी मदिरा मसाला जप्त की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 34.56 बल्क लीटर शराब बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा है। जब्त शराब की कीमत लगभग ₹22,200 बताई गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश पर नशे के कारोबार पर सख्त नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर व काइम तथा नगर पुलिस अधीक्षक उरला के मार्गदर्शन में थाना खमतराई पुलिस टीम ने लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों को पकड़ा।
पहला मामला डेरापारा रावांभाठा, आरटीओ ऑफिस के पास सामने आया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रेड कार्यवाही की। मौके पर परदेशी पटेल (उम्र 25 वर्ष), निवासी कुंचापारा कटघोरा, जिला कोरबा हाल डेरापारा रावांभाठा, रायपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सफेद रंग की बोरी में 102 पौवा देशी मसाला शराब (18.36 बल्क लीटर) जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 1043/25 दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। दूसरा मामला उसी क्षेत्र में आरटीओ ऑफिस के पीछे बंजारी रोड किनारे सामने आया। यहां महिला आरोपी धनवंतीन मरकाम (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम दाड़ी, जिला बेमेतरा हाल डेरापारा रावांभाठा, रायपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 89 पौवा देशी मसाला शराब (16.20 बल्क लीटर) बरामद की।
उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 1044/25 दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री से समाज में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। अभियान के तहत शहर में लगातार निगरानी की जा रही है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस से साझा करें। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाकर समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का हिस्सा बताया है। इस अभियान की सफलता ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस नशे के कारोबार पर कड़ी नजर रखे हुए है। साथ ही, यह कार्रवाई समाज में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने वाली साबित हो रही है।