कबाड़ी और यार्ड संचालकों पर पुलिस का सघन अभियान, 6 दुकानों पर कार्रवाई

छग

Update: 2026-05-25 17:05 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के नॉर्थ जोन में कबाड़ी और यार्ड संचालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध रूप से कबाड़ रखने और संदिग्ध सामग्री खरीदने-बेचने के मामलों में छह कबाड़ियों पर कार्रवाई की गई है। इस अभियान का उद्देश्य चोरी की घटनाओं पर रोक लगाना और अवैध कबाड़ कारोबार को नियंत्रित करना बताया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान थाना खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्र में स्थित कबाड़ी दुकानों और यार्डों पर एक साथ रेड की गई। इस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पाइप और सरिया सहित कबाड़ सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार यह अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में चलाया गया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे कि वे अपने क्षेत्र में कबाड़ कारोबार की सघन जांच करें ताकि चोरी का सामान खरीदे-बेचे जाने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। कार्रवाई के तहत थाना खमतराई क्षेत्र के रावांभाठा में कबाड़ी विजय टंडन की दुकान से अवैध लोहे का पाइप, तार और स्क्रैप बरामद किया गया, जिसका वजन लगभग 3 किलो 150 ग्राम बताया गया है। वहीं अवध राम नवरंगे की दुकान से भी लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया। इसी तरह थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में गिरधारी साहू की दुकान से 102 किलो लोहे का स्क्रैप और आदर्श गोयल की दुकान से 70 किलो कबाड़ बरामद किया गया।

उरला क्षेत्र में मेटल पार्क स्थित रमन की दुकान और सरोरा स्थित एसएल ट्रेडर्स पर भी कार्रवाई की गई, जहां से कुल मिलाकर 450 किलो से अधिक लोहे का कबाड़ जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में कुल छह कबाड़ियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते इसे जब्त किया गया। अधिकारियों ने सभी कबाड़ी संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी प्रकार का चोरी का सामान न खरीदें और संदिग्ध सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags:    

Similar News