पश्चिम रायपुर में वारंटियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 61 फरार वारंटी भेजे गए जेल

छग

Update: 2026-01-31 13:06 GMT
Raipur. रायपुर। पश्चिम रायपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा एक व्यापक और प्रभावी अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम (DCP WEST) संदीप कुमार पटेल के नेतृत्व में यह विशेष अभियान 31 जनवरी 2026 को पश्चिम रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया, जिसमें कुल 61 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन एवं संबंधित ACP महोदयों की निगरानी में संचालित हुआ। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों की तामीली कर अपराध नियंत्रण को मजबूत करना था।
पुलिस द्वारा थाना-वार सुनियोजित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी गई। थाना टिकरापारा क्षेत्र से सर्वाधिक 17 स्थायी वारंटियों की तामीली की गई। वहीं थाना कबीर नगर में 08 स्थायी वारंट और 01 गिरफ्तारी वारंट की कार्रवाई की गई। थाना न्यू राजेन्द्र नगर से 04 स्थायी वारंट और 03 गिरफ्तारी वारंट, जबकि थाना सरस्वती नगर क्षेत्र में 01 स्थायी वारंट एवं 06 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
इसके अतिरिक्त थाना आजाद चौक में 03 स्थायी वारंट और 03 गिरफ्तारी वारंट, थाना डी.डी. नगर में 05 स्थायी वारंट, थाना आमानाका में 04 स्थायी वारंट, थाना पुरानी बस्ती में 04 स्थायी वारंट, तथा थाना मुजगहन क्षेत्र में 02 गिरफ्तारी वारंट की सफल तामीली की गई। अभियान के समग्र आंकड़ों की बात करें तो पुलिस द्वारा 46 स्थायी वारंट एवं 15 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जिससे कुल 61 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि पश्चिम रायपुर क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चल रही निरंतर रणनीति का हिस्सा है। लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से न केवल कानून का भय स्थापित होता है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है। रायपुर पुलिस ने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी ऐसे सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे। फरार अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के लिए यह अभियान एक सख्त चेतावनी है कि कानून से बचना अब संभव नहीं होगा। पश्चिम रायपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Tags:    

Similar News