मोहबा बाजार में शराब तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-20 18:08 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध नशीले पदार्थों और शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आमानाका पुलिस ने मोहबा बाजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मोहबा बाजार के पास एक व्यक्ति अवैध शराब की बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस ने तत्काल गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुशवाहा (उम्र 32 वर्ष), निवासी वीर शिवाजी नगर, डबरापारा, आमानाका के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक थैला बरामद किया गया, जिसमें 32 पौवा “सेरा” देशी मदिरा शराब (कुल 5760 मिलीलीटर) पाई गई। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 3500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी। इस पर पुलिस ने आरोपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब और नकदी जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही धारा 94 BNSS के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News