अवैध महुआ शराब पर पुलिस का शिकंजा, 2 कोचिए गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-09 18:20 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 123.5 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई चकरभाठा थाना क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने वर्मा मोहल्ला में दबिश दी। जांच के दौरान सत्यवती वर्मा (35) के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कुल 110 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी महिला को मौके पर ही हिरासत में लेकर पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। दूसरी कार्रवाई कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का संग्रहण और बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और मनोज सोनवानी (53) के कब्जे से 13.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की।

जब्त शराब की कीमत लगभग 2,700 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता है कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए और इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जाए। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि आगे भी जिलेभर में ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News