पुलिस की चेकिंग चल रही थी, नहर में गांजा फेंककर भाग खड़े हुए तस्कर

छग

Update: 2026-04-27 06:06 GMT

गरियाबंद। गांजा आपने खेतों में उगाते हुए देखा होगा, लेकिन क्या गांजा बहते हुए देखा है? ऐसा ही नजारा मोहतरा से अतरमरा के बीच नहर में देखने को मिला, जहां गांजा से भरे पैकेट लोगों ने बहते हुए देखा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक-एक कर 17 गांजा से भरे पैकेट बरामद किए.

पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल हाइवे 130 से 5 किमी दूरी पर स्थित पाण्डुका थाना क्षेत्र के फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर में गांजा से भरा पैकेट बह रहा है. मौके पर पहुंची पाण्डुका पुलिस ने पैकेट को बरामद किया. पैकेट में करीबन 68 किलो से अधिक गांजा होने की संभावना जताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए है.

जाहिर है कि पुलिस की पकड़ से बचने के लिए गांजा तस्कर नहर में पैकेट फेंक गए थे. अब तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है. नहर में गांजा से भरे पैकेट फेंके जाने की यह संभवत: पहली घटना है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह गांजा परिवहन का नया तरीका तो नहीं.

Tags:    

Similar News