पुलिस कार्रवाई: आदतन मोटरसाइकिल चोर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 17 बाइक बरामद
छग
Bhilai. भिलाई। जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए नेवई थाना, जामुल थाना और एसीसीयू (Anti Crime Control Unit) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई कर आदतन मोटरसाइकिल चोर समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी कीमत लगभग 6 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
कैसे बेनकाब हुआ गिरोह?
वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान थाना नेवई में दर्ज अपराध क्रमांक 236/2025 और थाना जामुल में अपराध क्रमांक 731/2025 की जांच में मुखबिर की सूचना पर पुलिस को अहम सुराग मिला। आरोपी शुभम श्रीवास पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से चोरी शुरू की। वह पेट्रोल खत्म हो जाने पर मोटरसाइकिलों को सुनसान जगहों पर छोड़ देता था। आरोपी ने अपनी जरूरत पूरी करने के लिए अकेले और साथियों के साथ मिलकर कई बाइकें चुराईं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
नेवई थाना क्षेत्र से बरामद वाहन
नेवई पुलिस की कार्रवाई में आरोपी शुभम श्रीवास से पूछताछ के बाद 7 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इनमें हीरो होंडा, टीवीएस अपाचे और स्प्लेंडर समेत विभिन्न मॉडल की बाइकें शामिल हैं। आरोपी ने कबूल किया कि उसने रिसाली सेक्टर और मरोदा क्षेत्र से बाइकें चुराकर उन्हें झाड़ियों में छिपाकर रखा था।
जामुल थाना क्षेत्र से हुई बरामदगी
जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी सोहन यादव उर्फ हिंदी, अविनाश गायकवाड, धनेश्वर साहू और कीर्तिचंद चौहान ने चोरी की वारदातों को स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें सीडी डिलक्स, स्प्लेंडर, पल्सर, होंडा हार्नेट और दो बुलेट रॉयल एनफील्ड शामिल हैं। बरामद बाइकों की कुल कीमत लगभग 5.90 लाख रुपये बताई जा रही है।
सशक्त ऐप से मिली मदद
पुलिस ने बताया कि इस पूरे अभियान में तकनीकी साधनों और सशक्त मोबाइल ऐप का भी इस्तेमाल किया गया। चोरी हुई मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर की पहचान कर उन्हें डेटाबेस से मिलाया गया। इसके आधार पर चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ और आरोपियों तक पहुंचने में आसानी हुई।
गिरफ्तार आरोपी
सोहन यादव उर्फ हिंदी, निवासी तेलगू मंदिर, रूआबांधा, भिलाई (थाना जामुल)
अविनाश गायकवाड, निवासी ग्राम झीट, थाना अम्लेश्वर (थाना जामुल)
धनेश्वर साहू, निवासी ग्राम महुदा, थाना अम्लेश्वर (थाना जामुल)
कीर्तिचंद चौहान, निवासी झुमरपाली, थाना सराईपाली (थाना जामुल)
शुभम श्रीवास, निवासी गडहा फाटक, जगदीश मंदिर के पास, जबलपुर (म.प्र.), हाल कातुलबोर्ड, दुर्ग (थाना नेवई)
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) और 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपियों को 3 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में सक्रिय था और लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की बाइकें किन लोगों को बेची गईं और इस गिरोह का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।