स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संविदा शिक्षक पीयूष वर्मा बर्खास्त
छग
Balrampur. बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रघुनाथनगर में छात्र की पिटाई के गंभीर मामले में जिला शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। छात्र के साथ मारपीट करने के आरोप में संविदा शिक्षक पीयूष कुमार वर्मा को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जांच में आरोपों के प्रमाणित होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा यह कार्रवाई की गई। मामला उस समय सामने आया जब स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रघुनाथनगर में पढ़ने वाले एक छात्र ने शिक्षक पीयूष वर्मा द्वारा शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) वाड्रफनगर से जांच करवाई। जांच के दौरान छात्र, विद्यालय प्रबंधन और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की गई।
जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षक पीयूष वर्मा द्वारा छात्र की पिटाई की गई थी। इसके साथ ही विद्यालय के प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में भी शिक्षक के खिलाफ कई अन्य गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। प्राचार्य के अनुसार, पीयूष वर्मा ने बिना पूर्व सूचना या आवेदन दिए छुट्टी ली थी, नियमित रूप से शिक्षक दैनंदिनी (टीचर डायरी) का संधारण नहीं किया, निर्धारित सिलेबस को समय पर पूरा नहीं कराया और विद्यालय परिसर में अभद्र व्यवहार भी किया। इन सभी कारणों को लेकर पहले ही प्राचार्य द्वारा उन्हें नोटिस जारी किया जा चुका था। विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में शिकायत को पूरी तरह प्रमाणित माना गया। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि शिक्षक का आचरण न केवल शैक्षणिक मर्यादाओं के विपरीत है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 01, 02 एवं 03 का स्पष्ट उल्लंघन भी है। इन नियमों के तहत शासकीय या संविदा सेवा में कार्यरत किसी भी कर्मचारी से शालीन व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की अपेक्षा की जाती है।
जांच रिपोर्ट और विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत सभी सहपत्रों पर विचार करने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने पीयूष कुमार वर्मा को दोषी ठहराया। इसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 के तहत दीर्घ शास्ति अधिरोपित करते हुए उन्हें संविदा सेवा से पदच्युत कर दिया गया। आदेश के अनुसार, पीयूष वर्मा को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट (अंग्रेजी माध्यम) उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुनाथनगर में शिक्षक (कला विषय) के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की छवि और छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिक्षक द्वारा नियमों का उल्लंघन या बच्चों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस मामले ने एक बार फिर विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा, शिक्षकों के आचरण और जवाबदेही के मुद्दे को सामने ला दिया है। अभिभावकों ने भी कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर निर्णय जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।