पेट्रोल टैंकर ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, रायपुर में चल रहा इलाज
छग
Raigarh. रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र से एक गंभीर सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां पेट्रोल टैंकर की तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग ने एक युवक की जिंदगी दांव पर लगा दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले रायगढ़ और फिर रायपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 12 शंकर मंदिर नीचेपारा निवासी अशोक ठाकुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पुत्र संदीप ठाकुर (उम्र लगभग 26 वर्ष) 26 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग 10.20 बजे होण्डा निओ मोटरसाइकिल (क्रमांक CG13 BC 2836) से खाना लेकर धरमजयगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रहा था। जब वह नीचेपारा स्थित होण्डा शोरूम के पास पहुंचा।
तभी धरमजयगढ़ की दिशा से आ रहा पेट्रोल टैंकर (क्रमांक UP65 KT 6671) तेज गति और लापरवाही से ओवरटेक करते हुए सामने से आ टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप ठाकुर मौके पर ही सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सूचना मिलने पर 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और घायल संदीप को सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत रायगढ़ रेफर कर दिया। रायगढ़ के बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल में प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया, जहां वर्तमान में वह डीकेएस हॉस्पिटल और मेकाहारा अस्पताल में भर्ती है। रिपोर्ट के अनुसार, संदीप ठाकुर के सिर में गहरी चोट, जबड़ा दो जगह से टूटा हुआ, और बाएं पैर की हड्डी घुटने और एड़ी के पास से टूटकर अलग हो गई है। चिकित्सकों के मुताबिक, उसकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं। पिता अशोक ठाकुर ने थाना धरमजयगढ़ में लिखित आवेदन देकर मामले की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को पेट्रोल टैंकर चालक की लापरवाही ने जीवन और मृत्यु के बीच पहुंचा दिया है। उन्होंने प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। धरमजयगढ़ पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि टैंकर चालक की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश की जा रही है। वाहन को भी जब्त करने की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नीचेपारा क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों का आवागमन आए दिन हादसों का कारण बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में स्पीड लिमिट लागू करने और ट्रैफिक की निगरानी बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। इस घटना से पूरे इलाके में दुख और आक्रोश का माहौल है। परिजन ने बताया कि संदीप ठाकुर मेहनती युवक है और परिवार का सहारा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।