भुगतान विवादों से पेंड्रारोड–गेवरा रोड रेल लाइन निर्माण ठप

छग

Update: 2026-02-15 18:21 GMT
Pendra Road/Korba. पेंड्रारोड/कोरबा। बहुप्रतीक्षित पेंड्रारोड–गेवरा रोड रेलवे लाइन का निर्माण कार्य भुगतान विवादों के कारण पूरी तरह ठप हो गया है। वर्ष 2024 तक पूर्ण होने का लक्ष्य लेकर शुरू की गई इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति अब गंभीर रूप से प्रभावित होती दिख रही है। परियोजना का निर्माण कार्य इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड की देखरेख में चल रहा था, जिसे बुधवार को सारबहरा स्थित निर्माण स्थल पर रोक दिया गया। निर्माण कार्य रुकने के साथ ही पेटी कॉन्ट्रैक्टरों और मजदूरों ने विरोध दर्ज कराते हुए काम बंद कर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। आंदोलनकारी ठेकेदारों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

ठेकेदारों का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए किए गए खर्च, सामग्री आपूर्ति और श्रमिक भुगतान के बावजूद बकाया राशि जारी नहीं की गई। आंदोलन में शामिल ठेकेदारों के अनुसार, करोड़ों रुपए का भुगतान अभी तक लंबित है। उनका आरोप है कि बार-बार संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन से संपर्क के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ठेकेदारों का कहना है कि भुगतान में देरी के कारण न केवल कार्य बाधित हुआ है, बल्कि कई छोटे ठेकेदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। वहीं, मजदूरों ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें पिछले दो वर्षों से नियमित मजदूरी नहीं मिली है, जिससे परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मजदूरी और ठेकेदारों का बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मुद्दे पर ठेकेदार एसएस सिद्धू ने कहा कि भुगतान में हो रही देरी से कार्य प्रभावित होना स्वाभाविक है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की मांग की। सिद्धू ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे कई ठेकेदारों पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो परियोजना में और विलंब तय है। स्थानीय स्तर पर परियोजना के ठप होने से क्षेत्रीय विकास और रोजगार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें कंपनी प्रबंधन और प्रशासनिक हस्तक्षेप पर टिकी हैं, जिससे विवाद का समाधान कर कार्य पुनः प्रारंभ हो सके।
Tags:    

Similar News