Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने श्रमिकों के जीवन में सुविधा और स्थिरता लाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रमिकों के कल्याण के लिए "छत्तीसगढ़ औद्योगिक भूमि एवं भवन प्रबंधन नियम, 2015" में संशोधन को मंजूरी दी है। इस संशोधन के तहत अब राज्य के उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों को फैक्ट्री परिसर में ही आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस निर्णय से औद्योगिक विकास के साथ-साथ श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इससे न सिर्फ श्रमिकों का जीवन आसान होगा बल्कि उद्योगों के लिए भी अनुकूल और स्थिर कार्य वातावरण तैयार किया जा सकेगा। सरकार की इस पहल से श्रमिकों को कार्यस्थल के समीप सुरक्षित और सुलभ आवास मिलेगा, जिससे उनके समय और संसाधनों की बचत होगी। इस निर्णय से औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और श्रमिकों का जीवन स्तर बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।