Raipur. रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रायपुर की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए महिला सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 23.014 किलोग्राम गांजा और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त कुल सामग्री की कीमत लगभग ₹3.80 लाख बताई जा रही है। इस कार्रवाई को आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। अभियान का उद्देश्य रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

कार्रवाई का सिलसिला ऐसे शुरू हुआ
दिनांक 05 नवंबर 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि थाना टिकरापारा क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर-5 स्थित शिव मंदिर के पास दो युवक बुलेट वाहन से गांजा लेकर बिक्री की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, डीएसपी (क्राइम) संजय सिंह और सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश देवांगन के निर्देश पर टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम प्रतीक शर्मा और मोहम्मद शमीम बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

मुख्य सरगना तक पहुंची पुलिस
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि उन्हें यह गांजा गंज थाना क्षेत्र के शेख सारूख उर्फ शाहरूख और मुकूट नगर की पलक नागवानी उर्फ मिस बच्ची से मिला था। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों मुख्य आरोपियों की तलाश की और उन्हें भी दबोच लिया। जांच के दौरान शेख सारूख और पलक नागवानी ने अपने ठिकाने में गांजा छिपाकर रखने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां से भी गांजा बरामद किया। कुल मिलाकर 23.014 किलोग्राम गांजा, ₹2,30,000 मूल्य का मादक पदार्थ और ₹1,50,000 की बुलेट मोटरसाइकिल (CG 04 PS 1654) जब्त की गई।

आरोपियों के खिलाफ दर्ज अपराध
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 900/25 के तहत धारा 20(बी), 20(सी), 29 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि शेख सारूख उर्फ शाहरूख थाना गंज का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट, और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सहित करीब एक दर्जन अपराध दर्ज हैं। वहीं, महिला आरोपी पलक नागवानी उर्फ मिस बच्ची भी अपराधी प्रवृत्ति की है और पूर्व में हत्या और नारकोटिक एक्ट के मामलों में जेल जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी
प्रतीक शर्मा पिता राकेश शर्मा (22 वर्ष), निवासी संतोषी नगर, थाना खमतराई, रायपुर।
मोहम्मद शमीम पिता अब्दुल अजीज शेख (43 वर्ष), निवासी गिरगांव, मुंबई (महाराष्ट्र)।
शेख सारूख उर्फ शाहरूख पिता शेख सत्तार (30 वर्ष), निवासी रमन मंदिर वार्ड, चूना भट्ठी, थाना गंज, रायपुर।
पलक नागवानी उर्फ मिस बच्ची पिता राजेश नागवानी (19 वर्ष), निवासी मुकूट नगर, थाना आजाद चौक, रायपुर।

पुलिस का कहना
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों से बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, रायपुर में मादक पदार्थों की सप्लाई की कई कड़ियां अब उजागर हो रही हैं, जिन्हें जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

अभियान में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में निरीक्षक विनय सिंह बघेल (थाना प्रभारी टिकरापारा), एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, उप निरीक्षक मुकेश सोरी, सतीश पुरिया, सहायक उपनिरीक्षक प्रेमराज बारिक, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, विजय पटेल, प्रमोद वर्ती, और कई अन्य पुलिस कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि “ऑपरेशन निश्चय का मकसद रायपुर को नशा मुक्त बनाना है। हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और किसी भी कीमत पर नशे का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

पुलिस की सख्त निगरानी
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आने वाले दिनों में “ऑपरेशन निश्चय” को और विस्तार देते हुए शहर के सभी इलाकों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा।
Tags: