ऑपरेशन बाज की बड़ी सफलता, 41 स्थायी वारंटी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-14 15:01 GMT
Mungeli. मुंगेली। जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में मात्र पांच दिनों के भीतर 41 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर, बिलासपुर और जिला मुंगेली के न्यायालयों से फरार आरोपियों के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किए गए थे। इन वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सक्रियता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में अभियान को अंजाम दिया गया।

अभियान के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने रायपुर और बिलासपुर सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में छापेमारी कर 41 स्थायी वारंटियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया। वहीं, दो स्थायी वारंटियों के फौत (मृत्यु) होने के कारण वारंट अदम तामिल रहा। गिरफ्तार वारंटियों में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के 15, लोरमी के 7, पथरिया के 5, सरगांव के 5, जरहागांव के 4, लालपुर के 2, चिल्फी के 1, चौकी साकेत के 1 तथा खुडिया क्षेत्र के 1 वारंटी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और लंबे समय से फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विशेष रूप से थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने वर्ष 2019 में जिला जेल मुंगेली से जेल ब्रेक कर फरार हुए स्थायी वारंटी इंदल उर्फ इंद्रध्वज निवासी सिलतरा थाना लोरमी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इसके अलावा चोरी और मारपीट जैसे मामलों में संलिप्त वारंटियों को भी पकड़कर जेल भेजा गया। रायपुर कोर्ट से जारी दो तथा बिलासपुर कोर्ट से जारी एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया। पुलिस विभाग ने बताया कि इस अभियान की सफलता में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों, साइबर सेल प्रभारी और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
Tags:    

Similar News