ऑपरेशन अंकुश की बड़ी सफलता: ग्राहक सेवा केंद्र का संचालक गिरफ्तार

छग

Update: 2025-05-22 13:39 GMT
Jashpur. जशपुर। जिले की पुलिस को "ऑपरेशन अंकुश" के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक संदीप यादव को लाखों रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप यादव ने बैंक KYC अपडेट के नाम पर ग्राहकों के फिंगरप्रिंट लेकर उनके बैंक खातों से धोखे से 10 लाख रुपये से अधिक की राशि अपने खातों में ट्रांसफर कर ली थी।

यह ठगी ग्रामीण एवं अशिक्षित खाताधारकों को निशाना बनाकर की गई थी, जो डिजिटल बैंकिंग और KYC प्रक्रियाओं से अपरिचित थे। पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में यह भी सामने आया है कि इस पूरे घोटाले की राशि लगभग 42 लाख रुपये तक पहुँच सकती है। अधिकारियों का मानना है कि संदीप यादव ने लंबे समय तक योजनाबद्ध तरीके से यह ठगी की और कई खातों से अवैध रूप से रकम निकालता रहा।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस उसके द्वारा की गई संपूर्ण ठगी का विवरण जुटाने और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्य एकत्रित किए जा चुके हैं और उसके अन्य सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने बायोमेट्रिक डिटेल्स और बैंकिंग जानकारी को साझा करते समय सतर्क रहें और संदेहास्पद गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News