Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ अध्ययन दौरे पर रायपुर पहुँची संसदीय राजभाषा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष सांसद भर्तृहरि महताब, संयोजक सांसद (प्रयागराज) उज्जवल रमन सिंह, सदस्य सांसद (मेहसाणा) हरिभाई पटेल, सांसद (इंदौर) शंकर लालवानी, सांसद (गंगानगर) कुलदीप इंदौरा, सांसद (संभल, उत्तर प्रदेश) जियाउर रहमान एवं राज्यसभा सांसद (महाराष्ट्र) अनिल सुखदेव राव बौंडे भी उपस्थित थे। इस मुलाकात के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उपस्थित सांसदों और पदाधिकारियों ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सरलता लाने, सरकारी दस्तावेजों और सेवाओं में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उपायों पर सार्थक संवाद किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा हिंदी को सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक सेवाओं में प्रभावी ढंग से लागू करना न केवल प्रशासनिक कार्य को सरल बनाता है, बल्कि देशभक्ति और सामाजिक एकता को भी प्रोत्साहित करता है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की और राज्य में हिंदी के सशक्तिकरण के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संसदीय समिति के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार, प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। यह दौरा छत्तीसगढ़ में हिंदी के व्यापक उपयोग और प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Tags: