बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के ग्राम लोफंदी नवापारा में दो भाई आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस दौरान पड़ोसी ने उन्हें समझाईश दी। कुछ देर बाद युवक ने आकर पड़ोसी पर टंगिया से हमला कर दिया। साथ ही उनके बेटे से मारपीट की। घायल ने घटना की शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। कोनी क्षेत्र के ग्राम लोफंदी में रहने वाले तुलसी पटेल किसान हैं।

उनके पड़ोसी रामायण पटेल और चंदू पटेल सगे भाई हैं। दोनों भाई आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसे देखकर तुलसी ने दोनों भाईयों को समझाईश दी। उन्होंने पड़ोसियों को समझाकर झगड़ा शांत करा दिया। इसके बाद वे घर आकर आराम करने लगे। रात करीब 11 बजे रामायण पटेल उनके घर के दरवाजे को खटखटाने लगा। उनकी पत्नी ने उषा पटेल ने दरवाजा खोला।

दरवाजा खोलते ही रामायण ने महिला से गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया। अपनी पत्नी की आवाज सुनकर तुलसी कमरे से बाहर निकले। उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की। इसी दौरान रामायण ने अपने पास रखे टंगिया से तुलसी के सिर पर मार दिया। इस दौरान हंगामे की आवाज सुनकर तुलस के दोनों बेटे नारद और दीपक वहां पहुंच गए।

दोनों ने बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर रामायण ने दीपक के सिर पर लाठी से वार किया। साथ ही नारद पर टंगिया से हमला किया। इसी बीच रामायण के भाई सुनील पटेल, शत्रुहन पटेल और चंदू पटेल भी आ गए। उन्होंने भी तुलसी और उसके परिवार वालों से मारपीट की। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी। पुलिस की टीम के साथ घायल अस्पताल पहुंचे। इलाज के बाद उन्होंने घटना की शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Tags: