सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ संगीतमय नाटक का आयोजन
छग
Mahasamund. महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 20 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ संगीतमय नाटक प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रम आयोजित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के तहत 21 सितंबर को रेलवे स्टेशन चौक बागबाहरा में कार्यक्रम आयोजित किया जाना निर्धारित है। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को टाउन हॉल चौक पिथौरा, 6 अक्टूबर को पदमपुर रोड चौक बसना, 8 अक्टूबर को बस स्टैंड के पास पिथौरा, 9 अक्टूबर को बार चौक पिथौरा, 10 अक्टूबर को नोडल अधिकारी द्वारा चयनित स्थल बागबाहरा, 11 अक्टूबर को जनपद चौक बसना, 12 अक्टूबर को झलप चौक बागबाहरा, 14 अक्टूबर को अंबेडकर चौक महासमुंद, 15 अक्टूबर को दीनदयाल उपाध्याय चौक, दुर्गा मंदिर के पास महासमुंद तथा 17 अक्टूबर को वन विभाग विश्राम गृह के पास मैदान सरायपाली में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विकासखंडवार नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंडों में संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। अभियान के तहत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित होने वाली संगीतमय नाटक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन को सेवा और जनकल्याण से जुड़े विषयों से अवगत कराया जा रहा है। जिला नोडल अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं स्थल पर कार्यक्रम का समयबद्ध और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम स्थल पर यदि स्थानीय परिस्थितियों के कारण परिवर्तन आवश्यक हो, तो संबंधित नोडल अधिकारी निर्णय लेकर स्थल में परिवर्तन कर सकेंगे। कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी के लिए श्री रेखराज शर्मा, जिला मिशन समन्वयक एवं जिला नोडल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।