Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा में अवैध रूप से महुआ शराब रखने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे छह लोगों के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, थाना पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने एक महिला के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की।
महिला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान प्रभा लाकड़ा (50 वर्ष) पति हिजनुस लकड़ा, निवासी टटकेला थाना बगीचा जिला जशपुर, वर्तमान पता पूंजीपथरा के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से रखना बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई
अवैध शराब बिक्री के साथ-साथ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने गेरवानी यात्री प्रतीक्षालय, सालासर चौक पूंजीपथरा, गेरवानी बस स्टैंड और तमनार चौक पूंजीपथरा के पास खुले में शराब पीते लोगों को पकड़ा। जांच के दौरान सभी आरोपी देशी प्लेन शराब का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
छह आरोपियों पर कार्रवाई
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े गए आरोपियों में—
अलेक्जेंडर केरकेट्टा (39 वर्ष)
अजीत उरांव (29 वर्ष)
सुनील शाह (32 वर्ष)
प्रमोद साहनी (35 वर्ष)
संतोष गिरी (33 वर्ष)
रुपेश कुमार यादव (22 वर्ष)
शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक मनीष कुमार पोया, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैकरा, विनीत तिर्की सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "ऑपरेशन आघात" के तहत जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Tags: