Kawardha. कवर्धा। पवित्र सावन माह के अंतिम सोमवार पर धर्मनगरी कवर्धा में बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। भगवान शिव की भक्ति में डूबे हजारों श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी पालकी यात्रा में सहभागिता कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। पालकी यात्रा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। भगवान महाकाल की विशेष पूजा-अर्चना के बाद पालकी यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा जिन मार्गों से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में शिवभक्त हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे।
इस दौरान गूंजते जय श्री महाकाल और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा कवर्धा भक्तिमय हो गया। यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा पहनकर पहुंचे युवाओं का उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल की आराधना करते हुए परिवार और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। जगह-जगह भक्तों के लिए पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पालकी यात्रा में शामिल होकर भगवान महाकाल की पूजा की। उन्होंने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार पर धर्मनगरी कवर्धा में आयोजित बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा में सम्मिलित होकर आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य का अवसर है। यात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब और युवाओं के उत्साह ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया।
उन्होंने देवाधिदेव महादेव और मां भवानी से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा समस्त छत्तीसगढ़वासियों पर सदैव बनी रहे। प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली का वास हो। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सद्भाव को मजबूत करने वाला बताया। पालकी यात्रा के दौरान कवर्धा की सड़कों पर आस्था का सैलाब दिखाई दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं रखीं। सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस भव्य यात्रा ने कवर्धा को पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग दिया।