Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पूंजीपथरा पुलिस ने औद्योगिक प्लांट से कॉपर ट्यूब चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्लांट का पूर्व क्रेन ऑपरेटर, चोरी का सामान बेचने में सहयोग करने वाला ऑटो चालक और चोरी की संपत्ति खरीदने वाला कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से करीब 15 किलोग्राम कॉपर ट्यूब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चिराईपानी के जनरल मैनेजर दीप मुखर्जी (36 वर्ष) ने पूंजीपथरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि प्लांट में एसएमएस बिलेट का कार्य संचालित होता है, जहां भट्टी गर्म करने के लिए कॉपर ट्यूब का निर्माण किया जाता है। दो अक्टूबर 2026 की रात तक कार्यक्षेत्र में रखी कॉपर ट्यूब सुरक्षित थी। हालांकि, 23 नवंबर की सुबह जांच करने पर करीब 20 किलोग्राम कॉपर ट्यूब गायब मिली। चोरी गई कॉपर ट्यूब की कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया।
थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों और चोरी गए सामान की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंदिरा आवास पूंजीपथरा निवासी नित्यानंद राठिया चोरी की कॉपर ट्यूब का कुछ हिस्सा एक ऑटो चालक के साथ रायगढ़ में बेचने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नित्यानंद राठिया ने बताया कि वह करीब दो महीने पहले वेजरॉन प्लांट में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। इसी दौरान उसने दो अक्टूबर की रात प्लांट में रखी करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब चोरी की थी। इसके बाद चोरी की संपत्ति को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर विभिन्न स्थानों पर छिपा दिया था।
आरोपी ने पूछताछ में करीब पांच किलो कॉपर ट्यूब अलग-अलग कबाड़ियों को पांच हजार रुपये में बेचने की जानकारी दी। वहीं, पांच किलो कॉपर ट्यूब ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू के सहयोग से पूछापारा निवासी कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश को पांच हजार रुपये में बेची थी। इसमें से दो हजार रुपये ऑटो चालक को दिए गए थे। पुलिस ने आरोपी नित्यानंद की निशानदेही पर करीब पांच किलो कॉपर ट्यूब बरामद की। इसके अलावा कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश के कब्जे से पांच किलो और ऑटो चालक के वाहन से पांच किलो कॉपर ट्यूब जब्त की गई। चोरी की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद उसे खरीदने के आरोप में प्रकरण में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने मामले में नित्यानंद राठिया (25 वर्ष), निवासी छोटेपाली इंदिरा आवास पूंजीपथरा, लक्ष्मी प्रसाद महेश (38 वर्ष), निवासी पूछापारा गायत्री नगर रायगढ़ और विकास उर्फ पतालू सहिस (28 वर्ष), निवासी जोगीडीपा रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक हेमसागर पटेल, विनय तिवारी, आदिकंद प्रधान, चंद्रशेखर चंद्राकर एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
Tags: