सिविल लाइंस मल्टीलेवल पार्किंग से चोरी हुई मोटरसाइकिल, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2025-06-22 18:35 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी एक मोटरसाइकिल की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई मोटरसाइकिल समेत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चित्रसेन साहू ने थाना सिविल लाईन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 13 जून 2025 को अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 M 9358) को सिविल लाइन स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी कर ताला लगाकर कोर्ट चला गया था। जब वह लौटकर आया तो देखा कि उसकी बाइक वहां मौजूद नहीं थी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बाइक चोरी कर ली गई थी।


प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 285/25 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल जांच शुरू की गई। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी तुकाराम साहू (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम कोकड़ी, थाना कुरूद, जिला धमतरी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल जिसकी अनुमानित कीमत 40,000 रुपये है, बरामद कर ली गई है। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई से वाहन मालिक को राहत मिली है, वहीं क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में यह एक सफल प्रयास माना जा रहा है।
Tags:    

Similar News