अवैध रेत परिवहन में शामिल 10 से अधिक ट्रैक्टर जब्त, खनिज अमले की कार्रवाई जारी

छग

Update: 2026-02-07 17:05 GMT
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश एवं जिला खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में सारंगढ़ और सरिया क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज अमले द्वारा लगातार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में सारंगढ़ तहसील के ग्राम मल्दा, दहिदा और जसपुर क्षेत्र में गौण खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 02 वाहन ट्रैक्टर और 05 अन्य ट्रैक्टर जब्त कर थाना कोसीर के सुरक्षार्थ सौंपे गए।

साथ ही, सरिया तहसील के पिहरा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 03 ट्रैक्टर को खनिज अमले ने जप्त किया और थाना सरिया के कब्जे में दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज विकास अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। खनिज अमले ने बताया कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी लगातार बनाए रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही जारी रहेगी और किसी भी खनिज कारोबारियों को नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि खनिज संसाधनों का अवैध उत्खनन और परिवहन रोकना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि खनिज अमला नियमित निगरानी और सतर्कता के साथ कार्य करे और ऐसे सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा ने बताया कि खनिज अमले की टीम स्थानीय ग्रामीणों से भी सूचना प्राप्त कर रही है। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ छापेमारी और वाहन जप्ती की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल पाए गए किसी भी वाहन और उपकरण को नियमों के तहत जब्त किया जाएगा।

दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। सारंगढ़ और सरिया क्षेत्र में खनिज अमले की लगातार सक्रियता के कारण स्थानीय लोगों में सुरक्षा और पारदर्शिता का माहौल बना है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के मामले कम किए जा सकें। खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल वाहन जप्त करने तक सीमित नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। भविष्य में अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News