निगरानीशुदा बदमाश बलबीर सिंह ने गन के साथ खिचवाई फोटो

छग

Update: 2026-05-17 17:17 GMT
Bhilai. भिलाई। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में एक निगरानीशुदा बदमाश बलबीर सिंह उर्फ बंटी को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि यह आरोपी सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपनी तस्वीरें और रील साझा कर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह फोटो वर्ष 2021 में पहली बार सामने आई थी, जिसे बाद में दोबारा पोस्ट कर फिर से वायरल किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी का उद्देश्य इलाके में अपना भय और वर्चस्व कायम करना है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में कथित रूप से हथियार के साथ उसकी मौजूदगी और धमकी भरे संदेश भी शामिल हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बलबीर सिंह उर्फ बंटी के खिलाफ जामुल थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, उठाईगिरी और गंभीर हमले जैसे आरोप शामिल हैं।

बताया जाता है कि उसके खिलाफ कुल लगभग आठ प्रकरण दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई न्यायालय में चल रही है। इसके अलावा यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि आरोपी का नाम अवैध गतिविधियों और महादेव सट्टा एप से जुड़े मामलों में भी सामने आ चुका है। वर्ष 2025 में सुपेला थाना पुलिस द्वारा उसके बैंक खातों की जांच और सीजिंग की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान उसके कई बैंक खाते सामने आए थे।

जिनमें कथित रूप से करोड़ों रुपये के लेनदेन की बात भी सामने आई थी। हालांकि इसके बाद आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। आरोप है कि जांच प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है और अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इसी वजह से क्षेत्र में लोगों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष की चर्चा भी हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ तस्वीरें डालकर आरोपी खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
Tags:    

Similar News