मौहापाली हत्याकांड: खरसिया पुलिस ने मुख्य आरोपी को रायगढ़ से धर दबोचा
छग
Raigarh. रायगढ़। मौहापाली (खरसिया) में युवक की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का खरसिया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष) 16 फरवरी को अपने मामा के घर मौहापाली गया हुआ था। रात के समय वह मामा के घर से निकला, जिसके कुछ समय बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान थे। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे खरसिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान 17 फरवरी को शिव प्रसाद पटेल की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम कर मामले की डायरी खरसिया भेजी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपियों की शीघ्र पतासाजी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जो जांच में अहम सुराग साबित हुए। फुटेज में मृतक को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ अंतिम बार देखा गया। एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के सुपरविजन और चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदेही निलेश डेंजारे उर्फ निले को रायगढ़ से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना की रात वह अपने साथी कृष्णा सोनवानी और मृतक के साथ बैठकर खाना-पीना कर रहा था। इसी दौरान मृतक द्वारा उसके दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी से विवाद उत्पन्न हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी और उसके साथी ने मिलकर शिव प्रसाद पटेल के साथ हाथ-मुक्कों और ईंट से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद घायल अवस्था में छोड़कर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने घटना के बाद घायल युवक का मोबाइल से वीडियो बनाया था। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जप्त कर ली है। फरार आरोपी कृष्णा सोनवानी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खरसिया पुलिस ने आरोपी निलेश डेंजारे उर्फ निले (25 वर्ष) निवासी मौहापाली चौक खरसिया के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले पर सख्त संदेश देते हुए कहा कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की त्वरित और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की जा रही है।