विधायक भावना बोहरा ने रंजीतपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर किया सामुदायिक भवन का लोकार्पण

छग

Update: 2025-08-16 17:17 GMT
Ranjitpur. रंजीतपुर। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम रंजीतपुर पहुंचकर आयोजित रामधुनी (झूला) कार्यक्रम में सम्मिलित होकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। विधायक बोहरा ने इस मौके पर सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी उत्सव के अवसर पर विधायक ने रंजीतपुर ग्राम में आदिवासी समाज और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के निर्माण से गांव में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए अब बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।


विधायक ने कहा कि यह भवन न केवल धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बल्कि शिक्षा, प्रशिक्षण और ग्रामवासियों की सामूहिक गतिविधियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। विधायक भावना बोहरा ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी समाज की परंपराओं और संस्कृति को संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, आदिवासी समाज के प्रमुखजन और
बड़ी संख्या
में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रामधुनी (झूला) की झांकी ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विधायक ने सामुदायिक भवन के उपयोग के लिए ग्रामीणों से पारस्परिक सहयोग और जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक बोहरा ने ग्रामीणों के साथ संवाद किया और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वे स्वयं निरंतर प्रयासरत रहेंगी।
Tags:    

Similar News