नाबालिग क्रिकेट खिलाड़ी से मारपीट, बस कंडक्टर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-21 18:48 GMT
Kanker. कांकेर। जिले के चारामा ब्लॉक में एक निजी बस कंडक्टर द्वारा नाबालिग क्रिकेट खिलाड़ी के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कंडक्टर नीरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मनीष ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG07E7801) से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3 बजे तीन नाबालिग खिलाड़ी कांकेर से क्रिकेट प्रशिक्षण लेकर बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गर्मी के कारण एक बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे बस के अंदर उल्टी हो गई।

आरोप है कि इस स्थिति में मदद करने के बजाय बस कंडक्टर नीरज मिश्रा ने बच्चे के साथ गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, उसने बीमार बच्चे से ही बस के अंदर हुई उल्टी को साफ करवाया, जो पूरी तरह अमानवीय व्यवहार माना जा रहा है। पीड़ित बच्चों ने बताया कि उन्हें कौरर चौक पर उतरना था, लेकिन कंडक्टर ने उन्हें निर्धारित स्टॉप पर नहीं उतरने दिया। बाद में बस स्टैंड पर भी उन्हें नहीं उतारा गया। आरोप है कि बच्चों को डराते-धमकाते हुए बस स्टैंड से करीब 500 मीटर आगे ले जाकर उतारा गया। घटना के बाद बच्चों ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया। इस घटना को लेकर चारामा व्यापारी संघ में भी भारी आक्रोश देखा गया।

संघ ने थाना प्रभारी और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि एक बीमार बच्चे से जबरन सफाई करवाना और उसके साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और सोमवार को कंडक्टर नीरज मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। यह घटना न केवल बस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। स्थानीय लोगों ने परिवहन व्यवस्था में सख्त निगरानी और जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।
Tags:    

Similar News