Surajpur. सूरजपुर। गणेशोत्सव की धूम पूरे प्रदेश में देखी जा रही है। इसी क्रम में आज सूरजपुर जिले के ग्राम कूंजनगर के झारपारा गणेश पंडाल में मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने भगवान श्री गणेश जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर उनकी खुशहाली और समृद्धि की मंगलकामनाएं की। मंत्री रजवाड़े ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर कहा कि गणपति बप्पा केवल विघ्नहर्ता ही नहीं बल्कि सुख-समृद्धि और सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण पर्व है, जो लोगों को एक साथ जोड़ने का कार्य करता है।
झारपारा गणेश पंडाल में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए उपस्थित हुए। इस दौरान मंत्रोच्चारण और भक्ति गीतों से माहौल गूंज उठा। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास और समृद्धि के लिए वह हमेशा प्रयासरत हैं और भगवान गणेश से आशीर्वाद प्राप्त कर उन्होंने यही कामना की कि प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और शांति बनी रहे। गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भी मंत्री रजवाड़े का स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे गंभीरता से प्रयास करेंगे। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच यह आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।