पुलिस और ढाबा संचालकों की बैठक, कानून व्यवस्था मजबूत करने के कड़े निर्देश
छग
Raipur. रायपुर। हाईवे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा ढाबा संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में 01 जून 2026 को आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री उमाशंकर बांधे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अभिषेक झा तथा नगर पुलिस अधीक्षक माना श्री लम्बोदर पटेल उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर संचालित ढाबों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी ढाबा संचालक द्वारा बिना वैध लाइसेंस के शराब का विक्रय या सेवन कराना पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में ढाबा संचालकों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। सभी ढाबों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही संचालित करने और समय पर बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ढाबों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि सभी ढाबों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उन्हें नियमित रूप से चालू स्थिति में रखा जाए। सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। ढाबा संचालकों को यह भी कहा गया कि परिसर और आसपास आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों या गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दी जाए। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के अवैध जुआ, सट्टा, नशा सेवन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को अपने परिसर में बिल्कुल भी अनुमति न देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि ढाबा परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके। बैठक के दौरान उपस्थित सभी ढाबा संचालकों ने पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी समय-समय पर ढाबों का निरीक्षण और समीक्षा की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने कहा कि हाईवे क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों की रोकथाम करना उनकी प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है। इस प्रकार की बैठकें आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी ताकि ढाबा संचालन पूरी तरह नियमों के दायरे में रहकर हो सके और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।