Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एम.डी.एम.ए ड्रग्स सिंडीकेट से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स, नकदी, मोबाइल फोन और एक लग्जरी चारपहिया वाहन जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में की गई। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम लगातार नशा तस्करी के नेटवर्क पर नजर बनाए हुए थी।
फ्लैट में रेड, रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र स्थित वरण अपार्टमेंट के एक फ्लैट में एम.डी.एम.ए ड्रग्स की खरीदी-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई करते हुए मौके से 10 ग्राम एम.डी.एम.ए ड्रग्स, 20 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। इस दौरान मुख्य सप्लायर समेत कुल 5 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक विधि के साथ संघर्षरत बालिका भी शामिल है।
पूछताछ में सामने आया सिंडीकेट
गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर एम.डी.एम.ए ड्रग्स के पूरे सिंडीकेट का खुलासा हुआ। पूछताछ में यह बात सामने आई कि ड्रग्स की खरीद-बिक्री में ईवेंट डेकोरेशन के काम से जुड़े लोग भी शामिल हैं। इसी आधार पर पुलिस ने मंदिर हसौद निवासी मोह. माजिद को गिरफ्तार किया, जो ड्रग्स खरीदकर उसकी बिक्री करता था।
ऑनलाइन लेन-देन का खुलासा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि एम.डी.एम.ए ड्रग्स के एवज में रकम ऑनलाइन माध्यम (फोन-पे) से नागपुर निवासी नंदलाल ठाकुर के खाते में ट्रांसफर की जाती थी। इसके बाद यह रकम ड्रग्स सप्लायर तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस ने नंदलाल ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
वाहन और मोबाइल फोन जब्त
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और एक टाटा हैरियर चारपहिया वाहन (क्रमांक RJ/19/CM/1977) जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस ड्रग्स सिंडीकेट में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25 के तहत धारा 21बी और 29 नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में END TO END कार्रवाई की जा रही है, ताकि ड्रग्स नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जा सके। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।