Raipur/New Delhi. रायपुर/नई दिल्ली। देश की राजधानी में आज एक महत्वपूर्ण और पावन अवसर देखने को मिला जब आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के नए कार्यालय भवन में विधिवत रूप से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। यह कार्यालय भवन कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूजन कार्यक्रम सुबह शुभ मुहूर्त में मंत्रोच्चार और वैदिक विधि के अनुसार संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूज्य संतों को आमंत्रित किया गया था, जिनके आशीर्वाद से भवन का उद्घाटन और कार्यारंभ का मार्ग प्रशस्त हुआ। पूजा के उपरांत मंत्रियों ने संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया और मंत्रालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए मंगलकामना की।


केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इस अवसर को “एक नई शुरुआत” बताते हुए कहा कि यह भवन केवल ईंट और गारे की रचना नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा की नई ऊर्जा का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि इस भवन में जो कार्य होंगे, वे देश के शहरों के विकास और आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे। राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी इस अवसर पर भवन की सकारात्मक ऊर्जा और भारतीय परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि आस्था, संस्कृति और प्रशासन का यह समागम देश की शासन व्यवस्था को और सशक्त बनाएगा।
Tags: