नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला दरिंदा गिरफ्तार

छग

Update: 2025-09-24 15:25 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले एक दरिंदे को दबोचकर जेल भेज दिया है। आरोपी मोहल्ले की ही 9वीं कक्षा की छात्रा को स्कूल आते-जाते लगातार परेशान कर रहा था। नाबालिग के साहस और परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, विजय कुमार अतरानी उर्फ अज्जू (44 वर्ष, निवासी जबड़ापारा श्रीराम गली) बीते एक हफ्ते से नाबालिग का पीछा कर रहा था। आरोपी बच्ची को लगातार अश्लील इशारे करता, मोबाइल और पैसों का लालच देकर गंदी हरकतों के लिए उकसाने की कोशिश करता था। इतना ही नहीं, जब पीड़िता और उसकी सहेलियों ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। इससे छात्राएं दहशत में थीं।
परिजनों ने दिखाई हिम्मत
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर छात्रा की मां ने साहस दिखाते हुए थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई। मामला बेहद गंभीर था, लिहाजा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई का निर्णय लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह (भा.पु.से.) ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल, नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और सक्रियता के आधार पर आरोपी का पीछा किया और 23 सितंबर की रात 9 बजे उसे धर दबोचा।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी विजय कुमार अतरानी के खिलाफ धारा 75(1)(प), 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस घटना के बाद पुलिस ने आम नागरिकों और खासकर अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना सामने आती है तो तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News