Malabar Gold & Diamonds गोल्ड टेस्टिंग विवाद, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने उठाई आवाज
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: सोने की शुद्धता, ग्राहकों के हित और सराफा कारोबारियों के अधिकारों को लेकर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन आज गुरुवार को प्रदेशभर में ज्ञापन अभियान चलाएगा। इसके तहत बिलासपुर में आधे दिन सराफा बाजार बंद रहेगा। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सराफा कारोबारी कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
यह अभियान बिलासपुर के एक ज्वेलरी शोरूम में 14 अगस्त को सामने आए मामले के बाद किया जा रहा है। यहां हॉलमार्क वाले 22 कैरेट सोने के आभूषण की जांच में पहली रिपोर्ट में 20 कैरेट शुद्धता बताई गई थी। दोबारा जांच में इसकी शुद्धता 916 यानी 22 कैरेट मिली। एसोसिएशन ने इसे सोने की जांच व्यवस्था और ग्राहकों के भरोसे से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
बिलासपुर में आज 20 अगस्त को आधे दिन सराफा बाजार बंद रहेगा। व्यापारी सदर बाजार से पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे। एसोसिएशन ने सोने की जांच के लिए स्वतंत्र टेस्टिंग व्यवस्था की मांग की है। इसके साथ ही एचयूआईडी, हॉलमार्क और गोल्ड टेस्टिंग मशीनों की नियमित जांच और कैलिब्रेशन की मांग भी रखी गई है।
एसोसिएशन ने सोने के भाव में पारदर्शिता रखने और ग्राहकों को भ्रमित करने वाले विज्ञापनों पर रोक लगाने की मांग की है। सभी ज्वेलरी दुकानों के लिए एक समान बिलिंग नियम लागू करने की बात भी कही गई है।
एसोसिएशन ने पारंपरिक सोना कारीगरों के संरक्षण और उनके रोजगार को सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके अलावा स्वर्णकार कल्याण बोर्ड बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि यह अभियान किसी ब्रांड या व्यक्ति के विरोध में नहीं है। इसका उद्देश्य ग्राहकों के हित, कारोबार में निष्पक्षता और स्थानीय सराफा व्यापारियों व पारंपरिक कारीगरों की आजीविका की सुरक्षा करना है।