हेरोइन नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 70 ग्राम चिट्टा समेत 5 पकड़े गए
छग
Durg. दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जोन क्रमांक-3, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में दबिश देकर 70.460 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने हेरोइन, नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 29 लाख 22 हजार 300 रुपए की सामग्री जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक-3, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद महिला ने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई की गई।
तलाशी में मिली हेरोइन और बिक्री का सामान
पुलिस जांच के दौरान मकान से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने बिक्री से प्राप्त नगदी रकम, आभूषण, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा हेरोइन की तौल और बिक्री के लिए इलेक्ट्रॉनिक तराजू का इस्तेमाल किया जा रहा था।
29 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त
खुर्सीपार पुलिस ने कार्रवाई में—
हेरोइन 70.460 ग्राम, कीमत करीब 14,09,200 रुपए
नगद राशि 2,35,100 रुपए
सोने के 19 नग आभूषण, वजन करीब 71.35 ग्राम, कीमत करीब 9,65,000 रुपए
चांदी के आभूषण और बर्तन, कीमत करीब 1,80,000 रुपए
8 मोबाइल फोन, कीमत करीब 1,30,000 रुपए
इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कीमत करीब 3,000 रुपए
जब्त किए हैं।
जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 29 लाख 22 हजार 300 रुपए बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 21(ख), 27ए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीन वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
आवासीय क्षेत्र में चल रहा था कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आवासीय क्षेत्र में हेरोइन को अपने कब्जे में रखकर उसकी बिक्री कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में—
1. जसबीर कौर उर्फ सोनू (25 वर्ष)
निवासी जोन क्रमांक-3, एवीसी झोपड़पट्टी, जीरो स्ट्रीट खुर्सीपार।
2. नितेश सोनी (32 वर्ष)
निवासी हाउसिंग बोर्ड एलआईजी, मकान नंबर 701, इंडस्ट्रियल एरिया भिलाई।
3. तिरकेश निषाद (21 वर्ष)
निवासी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार भिलाई। शामिल हैं। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।