अवैध शराब पर बड़ा एक्शन, एक दिन में तीन कोचिया गिरफ्तार 160 पौवा जब्त
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 160 पौवा देशी मसाला शराब, बिक्री की नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पूरी कार्रवाई में जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 70 हजार 70 रुपये बताई गई है। रायपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 13 सितंबर 2026 को गोबरा नवापारा पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
दुलना में 95 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
पहली कार्रवाई ग्राम दुलना में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने के साथ लोगों को शराब पिला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर डोमन साहू (55) को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 95 पौवा देशी मसाला शेरा शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 17.100 बल्क लीटर और कीमत करीब 10,450 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब की बिक्री और परिवहन में कथित तौर पर इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 LG 0529 भी जब्त की गई। मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये है। इस कार्रवाई में कुल 55,450 रुपये की जब्ती की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 267/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
आरंग रोड पर 33 पौवा शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई चंपारण चौक के आगे आरंग रोड, नवापारा में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चुम्मन लाल ध्रुव (33) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 33 पौवा देशी मसाला शेरा शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर बताई गई है। साथ ही शराब बिक्री से मिले 150 रुपये भी जब्त किए गए। यहां कुल जब्ती करीब 4 हजार रुपये की बताई गई है। चुम्मन लाल ध्रुव के खिलाफ अपराध क्रमांक 266/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
मकान से मिली 32 पौवा शराब
तीसरी कार्रवाई ग्राम तर्री के दुलना रोड क्षेत्र में हुई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर एक मकान की घेराबंदी कर हरिराम साहू (71) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 पौवा देशी मसाला शेरा शराब बरामद होने की जानकारी दी गई है। इसकी मात्रा 5.760 बल्क लीटर और कीमत 3,520 रुपये बताई गई। इसके साथ बिक्री के 500 रुपये भी जब्त किए गए। इस मामले में कुल 4,020 रुपये की जब्ती हुई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 268/2026 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कुल 29.160 बल्क लीटर शराब जब्त
तीनों कार्रवाइयों को मिलाकर गोबरा नवापारा पुलिस ने कुल 160 पौवा यानी 29.160 बल्क लीटर देशी मसाला शराब जब्त की है। शराब की कुल कीमत 24,420 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 650 रुपये बिक्री रकम और करीब 45 हजार रुपये कीमत की एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 70,070 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक जागेश्वर सिंह, टंकेश्वर मरकाम, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक रंजीत साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।