Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 पोकलेन मशीन, 1 जेसीबी और 20 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, जिले में लगातार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के बाद खनिज विभाग की टीम ने व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम महमंद में जांच के समय बिना वैध अभिवहन पास के रेत परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहन पकड़े गए।
कार्रवाई के दौरान एक वाहन को जांच चौकी लावर लाया गया, जबकि दूसरे वाहन का चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर चाबी लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद विभाग ने संबंधित वाहन स्वामी को सूचना दी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ थाना तोरवा में एफआईआर दर्ज कराई है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनन में शामिल वाहनों और मशीनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग द्वारा 7 मई से 20 मई 2026 के बीच चकरभाठा, बोदरी, सकरी, बेलगहना, रतनखंडी, करहीकछार, सलका, पोड़ी, महमंद और लालखदान सहित कई क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।